साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा 'हिन्दी सप्ताह 2026' पर विश्वविद्यालय प्रांगण में विभिन्न साहित्यिक एवं वैचारिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राजभाषा हिन्दी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैचारिक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के उददेश्य से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राएँ, शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रमों की कड़ी में 9 सितम्बर 2026 को "भारतीय ज्ञान परम्परा: पुनर्पाठ और पुनर्स्थापना" विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता की गई। "सदन का मत है कि ‘जनतंत्र और प्रतिरोध एक-दूसरे के विरोधी हैं’" विषय पर भाषण प्रतियोगिता 10 सितंबर 2026 को अकादमिक भवन में आयोजित की गई। 11 सितम्बर को कविता प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की 'स्वरचित कविताओं' (स्वयं द्वारा रचित) का पाठ किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए अलग से पुरस्कारों की व्यवस्था भी की थी। हिन्दी सप्ताह का समापन 15 सितम्बर को हुआ।
