- प्रो. विमलेन्द्र कुमार ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को बतौर मुख्य वक्ता किया संबोधित
- ‘बुद्धघोष: एक दार्शनिक, ऐतिहासिक एवं आलोचनात्मक अन्वेषण’ पर सम्मेलन
भोपाल/साँची, 13 नवम्बर: भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (IIAS), राष्ट्रपति निवास, शिमला में साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय (SUBIS) के कुलपति प्रो. विमलेंद्र कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। ‘बुद्धघोष: एक दार्शनिक, ऐतिहासिक एवं आलोचनात्मक अन्वेषण’ विषय पर 13 और 14 नवम्बर को अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में साँची विश्वविद्यालय के कुलपति का विशेष अभिनंदन किया गया। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने प्रो. विमलेंद्र कुमार का हिमाचली परंपरा के अनुसार शॉल और टोपी भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्य वक्तव्य में प्रो. विमलेन्द्र कुमार ने बुद्धघोष के दार्शनिक चिंत
न और बौद्ध परंपरा में उनके विशिष्ट स्थान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन की समृद्ध बौद्धिक विरासत को समझने में बुद्धघोष के ग्रंथों का अत्यंत महत्व है। प्रो. कुमार ने बुद्धघोष के योगदान को केवल एक भाष्यकार तक सीमित न रखते हुए, उन्हें एक ऐसे महान चिंतक के रूप में स्थापित किया, जिन्होंने बौद्ध दर्शन की अवधारणाओं की व्याख्या और व्यवस्थित प्रस्तुति में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बुद्धघोष के विचारों के विभिन्न पक्षों का व्यापक दार्शनिक परिप्रेक्ष्य में गहन अध्ययन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए IIAS के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने सम्मेलन की अकादमिक प्रासंगिकता और भारतीय दार्शनिक परंपराओं के गंभीर अध्ययन के महत्व पर विचार साझा किए। इससे पूर्व, सम्मेलन के संयोजक प्रो. बालगणपति देवरकोंडा ने स्वागत भाषण दिया। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के विद्वान अपने शोधपत्र प्रस्तुत कर रहे हैं, जिनमें से कई वक्ता ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े हैं।
साँची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विमलेन्द्र कुमार की इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर उपस्थिति और सारगर्भित वक्तव्य मध्य प्रदेश के अकादमिक जगत के लिए गौरव का विषय है।

