A- A A+

कश्मीर के 135 छात्रों ने किया सांची विश्वविद्यालय का भ्रमण

  • - विभिन्न विभागों में पहुंचे और पाठ्यक्रमों के बारे में जाना
  • - कश्मीर के 6 विभिन्न ज़िलों से आए हैं छात्र
  • - मध्य प्रदेश के लोग सरल, शांतिप्रिय और मिलनसार- कश्मीरी छात्र
  • - मध्य प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर जाएंगे ये छात्र
  • - सांची स्तूप का भी किया भ्रमण
  • - वाल्मी संस्था और नेहरू युवा केंद्र करा रही है भ्रमण का आयोजन

 

कश्मीर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्ययन करने वाले 135 छात्रों ने आज सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इन छात्रों ने सांची विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ मेल-मुलाकात कर एक दूसरे की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था, कोर्सेस और संस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। ये कश्मीरी छात्र 6 दिनों के मध्य प्रदेश भ्रमण पर हैं। अपनी यात्रा के तीसरे दिन इन छात्रों ने आज सांची विश्वविद्यालय से पहले सांची स्तूप का भ्रमण किया। सांची विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों ने भी कशमीरी छात्रों का उत्साह बढ़ाया। सांची विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग में पी.एच.डी कर रहे कशमीरी छात्र अशरफ वानी ने कशमीरी भाषा में छात्रों को विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों के बारे में बताया।

कश्मीर के 6 अलग-अलग ज़िलों से मध्य प्रदेश पहुंचे इन छात्रों ने अपने अनुभव सांची विश्वविद्यालय के छात्रों से साझा किया। पीजी के छात्र शाहिद वानी ने बताया कि मध्य प्रदेश के लोग बेहद ही सरल हैं और वे जहां भी गए पूरे प्रेम और स्नेह से उनका स्वागत किया गया। एक और छात्र इमरान का कहना था कि मध्य प्रदेश के लोग सरल, शांतिप्रिय, सम्मान देने वाले और सहयोग देने वाले हैं।

नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित किए गए इस टूर में कश्मीरी छात्रों को प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों, शिक्षण संस्थाओं, विश्वविद्यालयों का दौरा कराया जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस टूर की ज़िम्मेदारी IIFM अंतर्गत WALMI संस्था को सौंपा है। वाल्मी के अधिकारी इन कश्मीरी छात्रों को भ्रमण करा रहे हैं।

इन कश्मीरी छात्रों ने सांची विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सेस के बारे में जानने के लिए उत्साह दिखाया। कई छात्रों का कहना था कि वे उच्च शिक्षा के लिए मध्य प्रदेश का चयन करेंगे। इस टूर में 9वीं से 12वीं के छात्र, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र हैं।

अपनी यात्रा के पहले दिन इन कश्मीरी छात्रों ने शौर्य स्मारक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण किया। सांची विश्वविद्यालय के बाद ये छात्र ताज्जुल मस्जिद भी पहुंचे। वाल्मी संस्थान  में कल इन कश्मीरी छात्रों का मध्य प्रदेश के छात्रों के साथ सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया है।