A- A A+

सांची विश्वविद्यालय में CUET से होगा प्रवेश

सांची विश्वविद्यालय में CUET से होगा प्रवेश
 
  • राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की CUETसे जुड़ा सांची विश्वविद्यालय
  • विवि के 75 विषयों में CUET परीक्षा से होगा प्रवेश
  • CUET आवेदन की अंतिम तिथि 19 अप्रैल 2023
देशभर के विश्वविद्यालयों में प्रवेश की केंद्रीय परीक्षा कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) से अब सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में भी छात्रों को प्रवेश मिलेगा। विभिन्न विश्वविद्यालयों में अलग-अलग प्रवेश परीक्षा से बचाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी,CUET करा रही है। सांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर यानि पोस्ट ग्रेजुएशन(PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए देश और विदेश के छात्र CUET परीक्षा दे सकते हैं। इस प्रवेश परीक्षा में चयनित होने वाले छात्र सांची विश्वविद्यालय के 75 विभिन्न पाठ्यक्रमों में सत्र 2023-24 के लिए प्रवेश ले सकते हैं।  कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) की परीक्षा जून माह में प्रस्तावित है एवं फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल, 2023 है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की 10 अप्रैल 2023 को जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक छात्र शैक्षणिक योग्यतानुसार सांची विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों को प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के 75 विशिष्ट विषयों खासकर भारतीय दर्शन,वैदिक अध्ययन, बौद्ध अध्ययन के विष्यों के साथ ही मिलिट्री साइंस एवं फोरेंसिक साइंस, योग अध्ययन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, वैकल्पिक शिक्षा, लाइब्रेरी साइंस, भारतीय चित्रकला इत्यादि में से चयन कर सकते हैं। 
छात्र हिंदी, अंग्रेज़ी, संस्कृत, पाली, प्राकृत भाषा, एंथ्रोपोलॉजी, साइकोलॉजी, इतिहास के पारंपरिक पाठ्यक्रमों के अलावा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कराए जाने वाले भाषाई पाठ्यक्रम जैसे फ्रेंच, जर्मन, तिब्बती, चीनी, जापानी भाषा के पाठ्यक्रमों हेतु भी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। 
विश्वविद्यालय द्वारा कई अन्य रोचक विषयों के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं जो रोज़गार परक हैं। इनमें मल्टीमीडिया, कंप्यूटर साइंस, युद्ध रणनीति एवं सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, भारतीय संगीत एवं गायन कला, भारतीय चित्रकला, भारतीय सौंदर्य शास्त्र, डॉयस्पोरा एवं माइग्रेशन स्टडीज़, मिलिट्री साइंस एंड पीस और वास्तु शास्त्र तथा ज्योतिष अध्ययन के विषय सम्मिलित हैं। सत्र 2023 के लिए प्रत्येक विषय हेतु विश्वविद्यालय में 30 से 40 सीटें हैं। CUET के माध्यम से प्रवेश के उपरांत शेष रिक्त सीटें विश्वविद्यालय द्वारा सीधे भरी जाएंगी। 
प्रवेश परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी माध्यम से होगी और प्रश्न मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चन होंगे। इच्छुक छात्र कॉमन सर्विस सेंटर्स (CSC) https://www.csclocator.com/ के जरिये फॉर्म भर सकते हैं। फॉर्म भरने में समस्या होने पर 011- 40759000 / 011 - 69227700 पर कॉल कर सकते हैं या cuet-pg@nta.ac.in पर ई-मेल कर सकते हैं।
CUET परीक्षा के माध्यम से छात्र एक बार परीक्षा फीस चुकाने के बाद अधिकतम 3 विभिन्न विषयों की परीक्षाओं में सम्मिलित हो सकते है। तीन से अधिक विषयों में सम्मिलित होने के लिए अतिरिक्त फीस चुकानी होगी। CUET(PG) प्रवेश परीक्षा की अधिक जानकारी, पाठ्यक्रम, फीस एवं अन्य जानकारी हेतु https://cuet.nta.nic.in पर विज़िट कर सकते हैं। पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी के लिए सांची विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.sanchiuniv.edu.in को देखें।