A- A A+

सांची विश्वविद्यालय की श्वेता को मिला ऑइकॉनिक इंटरनेश्नल वूमन ऑफ द ईयर अवार्ड

दिनांक 05 May 2021

सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन की पी.एच.डी छात्रा श्वेता नेमा को सरस्वती बाई दादा साहब फाल्के आइकोनिक इंटरनेशनल वूमन ऑफ दी ईअर 2021 अवॉर्ड से नवाज़ा गया है। इनोवेटिव आर्टिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन मुंबई द्वारा एक वर्चुअल अवार्ड शो, SDP ICONIC International WOMEN AWARD 2021 का आयोजन किया गया था। इस सम्मान के लिए दुनिया भर के 50 से ज्यादा देशों से 3000 से अधिक प्रविष्टियां नामांकन हेतु आई थी जिनमें से अति विशिष्ट 100 प्रविष्टियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

ये सम्मान श्वेता नेमा को उनकी विभिन्न सक्रिय गतिविधियों के कारण मिला है। श्वेता को जनहितकारी सामाजिक कार्यो, स्वस्थ एवं शिक्षित समाज निर्माण में सहयोग के लिए पूर्व में गेस्ट ऑफ ऑनर और आदर्श नारी सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।

योग के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी श्वेता निःशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन कर वर्षों से लोगों को स्वास्थ्य लाभ दे रही हैं। श्वेता का कहना है कि- “जो महिलाएं अपनी सभी जिम्मेदारियों को निभाते हुए तथा जीवन की सभी बाधाओं से लड़ते हुए अपने सपनों का पीछा करती हैं और अपने आप को केंद्रित रखते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंचती हैं। वे महिलाएं ही दूसरों के लिए एक आदर्श, प्रेरणा और रोल मॉडल बनती है।“ उनका कहना है कि “हर महिला समाज में खुद का एक विशेष स्थान बना सकती है और दूसरों के लिए आदर्श और प्रेरणा बन सकती है जरूरत है तो बस एक दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णय की।“

IAWA अवॉर्ड का उद्देश्य समाज में अपनी पहचान बनाने वाली शीर्ष 100 प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को उभारना है। तथा उनके सभी प्रयासों और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान देना है।

ये SDP पुरस्कार उस महान महिला को एक श्रद्धांजलि हैं, जिन्होंने अपने पति दादासाहेब फाल्के जी, भारत के पहले फिल्म निर्माता, और भारतीय सिनेमा के पिता के साथ जबरदस्त मेहनत की थी। इसलिए सभी सफल महिलाओं को महान सरस्वती बाई दादासाहेब फाल्के जी के नाम पर एक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुंबई में आयोजित इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महान लीजेंडरी सिंगर अनूप जलोटा, पायनियर ऐड फिल्म मेकर प्रह्लाद कक्कर और सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के के पोते चंद्रशेखर पल्सावेकर भी उपस्थित थे जिन्होंने वर्ल्ड 2021 की 100 प्रतिष्ठित महिलाओं को ऑनलाइन संबोधित किया।सांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता व कुलसचिव श्री अदिति कुमार त्रिपाठी ने श्वेता को सम्मानित किए जाने के अवसर पर बधाई दी। श्वेता राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर की 50 से ज्यादा योग एवं आयुर्वेद के सेमिनार , वेबिनार एवं वर्कशॉप में भी हिस्सा ले चुकी हैं।